जीटी रोड पर तेज रफ्तार ट्रक एक कार को करीब आधा किलोमीटर तक घसीटकर ले गया। हादसे में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दो युवकों ने कूदकर जान बचाई। इस दौरान जाम लग गया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक समेत तीन को हिरासत में ले लिया है। वह नशे में बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा बुधवार रात करीब 8 बजे हुआ। लालकुआं की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने जीटी रोड पर पंचवटी के सामने खड़ी कार में टक्कर मार दी। कार सवार डॉ. विपिन और विजय निवासी भोपुरा ग्रेटर नोएडा से लौट रहे थे, उन्होंने कार से कूद कर जान बचाई।
कार और ट्रक के बंफर फंस गए। लोग ट्रक के पीछे दौड़े तो पकड़े जाने के डर से ट्रक चालक कार को आधा किलोमीटर तक घसीटता रहा। चौधरी मोड़ पर पुलिस को देखकर उसने ट्रक रोका। इस दौरान भीड़ लग गई, जिससे रोड के दोनों तरफ आधा घंटे तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
सीओ प्रथम इंद्रपाल सिंह ने बताया कि आरोपी वाहन चालक से पूछताछ की जा रही है। क्रेन से कार को सड़क से हटवाकर जाम खुलवा दिया गया है। गनीमत रही कि कार सवारों को ज्यादा चोट नहीं आई। हालांकि इस दौरान यह भी हल्ला मच गया कि लोगों ने जाम लगाकर ट्रक में तोड़फोड़ की है। सोशल साइट्स पर भी लोगों ने इस तरह की पोस्ट डाली गईं।