गाजियाबाद। भोजपुर एनकाउंटर मामले में कोर्ट द्वारा दोषी करार दिए गए यूपी पुलिस के कांस्टेबल सूर्यभान ने मंगलवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। सीबीआई विशेष न्यायाधीश राजेश चौधरी ने दोषी कांस्टेबल को भी डासना जेल भेज दिया। बुधवार को दोपहर दो बजे के बाद कोर्ट इस मामले में अपना फैसला सुना सकती है।
बता दें कि 8 नवंबर 1996 को भोजपुर पुलिस ने चार युवकों को बदमाश बताकर एनकाउंटर में मार गिराया था। मामले की जांच बाद में सीबीआई को ट्रांसफर कर दी गई थी। सोमवार को ही सीबीआई विशेष कोर्ट ने चारों पुलिसकर्मियों लालसिंह, जोगेंद्र, सुभाष और सूर्यभान को दोषी करार दिया था।
दोषी करार दिए जाने के साथ ही कोर्ट ने जमानत पर चल रहे तीन पुलिसकर्मी लालसिंह, जोगेंद्र और सुभाष को हिरासत में लेकर डासना जेल भेज दिया था। चौथा आरोपी इलाहाबाद से आने वाला था, मगर टूंडला में हुए ट्रेन हादसे केचलते वह समय से कोर्ट में पेश नहीं हो सका। ऐसे में मंगलवार को आरोपी कांस्टेबल सूर्यभान ने कोर्ट के समक्ष सरेंडर कर दिया।
----