फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बुखार से छात्र की मौत, एसआरएम में तोड़फोड़

Sat, 24 Sep 2016 12:43 AM IST
ब्यूरो,अमर उजाला मोदीनगर
विज्ञापन
हंगामा करते छात्र - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
एसआरएम यूनिवर्सिटी के छात्र की दिल्ली में बुखार से मौत के बाद गुस्साए छात्रों ने बृहस्पतिवार रात यूनिवर्सिटी के मोदीनगर स्थित एनसीआर कैंपस के सामने हाईवे पर जाम लगा दिया।
विज्ञापन


सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां भांजकर स्टूडेंट्स को जब हाईवे से खदेड़ा तो गुस्साए छात्रों ने कॉलेज कैंपस में जमकर तोड़फोड़ की। एंबुलेंस समेत कॉलेज परिसर में खड़े तीन वाहनों के शीशे तोड़ डाले और जमकर नारेबाजी की।

इसके बाद शुक्रवार को भी कक्षाओं का बहिष्कार कर जमकर हंगामा काटा। छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन की लापरवाही से छात्र की जान गई है। छात्र का इलाज कॉलेज के डॉक्टर से ही कराया जा रहा था। हालत में सुधार न होने पर उसे बाहर किसी अच्छे डाक्टर को नहीं दिखाया गया।
विज्ञापन


छात्रों ने मांग की कि कॉलेज में मेडिकल समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं। दोपहर बाद कॉलेज प्रशासन ने छात्रों की मांगें मान लीं, जिसके बाद छात्रों का गुस्सा शांत हुआ।

लखनऊ के वैभव खंड, गोमती नगर निवासी अशोक सिंह का पुत्र अभिषेक सिंह एसआरएम यूनिवर्सिटी के एनसीआर कैंपस में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (सीएसई) प्रथम वर्ष का छात्र था।

अभिषेक को एक सप्ताह से बुखार आ रहा था और कॉलेज के डाक्टर से उसका इलाज चल रहा था। छात्रों का आरोप है कि हालत में सुधार नहीं होने पर भी कॉलेज प्रबंधन ने उसे बाहर किसी अच्छे डॉक्टर को नहीं दिखाया।

दो दिन पूर्व अभिषेक की बहन उसे दिल्ली ले गईं और वहां निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां बृहस्पतिवार शाम उसने दम तोड़ दिया। अभिषेक की मौत से गुस्साए छात्रों ने रात करीब साढ़े 12 बजे कॉलेज के सामने हाईवे पर जाम लगा दिया।

सूचना पर थाना निवाड़ी और मोदीनगर कोतवाली पुुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जाम खोलने का आग्रह किया लेकिन छात्र नहीं माने। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने लाठियां फटकार स्टूडेंट्स को हाईवे से खदेड़ा।

इसके बाद गुस्साए स्टूडेंट्स ने कॉलेज पर परिसर में खड़ी कॉलेज की एक एंबुलेंस और दो मिनी बसों के शीशे तोड़ दिए। मेन गेट पर लगे एक बड़े होर्डिंग और दरवाजे का शीशा भी तोड़ दिया।

इसके बाद शुक्रवार को भी कक्षाओं का बहिष्कार कर परिसर में एकत्र हो गए। छात्रों ने मांग की कि कॉलेज में मेडिकल समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं, नहीं तो वह कक्षाओं में नहीं जाएंगे। कॉलेज निदेशक मनोज कुमार पांडेय ने छात्रों से बातचीत कर उनकी सारी मांगें स्वीकार कर लीं।

इसके बाद स्टूडेंट्स शांत हुए। इस दौरान यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार एस विश्वनाथन और कोतवाली प्रभारी ब्रजेश शर्मा भी मौजूद रहे। उधर, कॉलेज डायरेक्टर मनोज पांडेय ने स्टूडेंट्स आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अभिषेक को सामान्य बुखार था। उसके परिजन बाहर इलाज कराना चाहते थे, जिसकी अनुमति दे दी गई थी।

100 से 200 छात्रों पर मामला दर्ज
मोदीनगर। शुक्रवार रात निवाड़ी थाना पुलिस ने हाईवे पर जाम लगाने और कॉलेज में तोड़फोड़ के आरोप में कॉलेज के 100 से 200 छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी संजय त्यागी ने इस बात की पुष्टि की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें