कानून व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर डीआईजी के आदेश पर मंगलवार शाम को पूरे जिले में पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी दीपक कुमार की अगुवाई में विभिन्न क्षेत्रों में शराब ठेकों के आसपास और मॉल-मल्टीप्लेक्स में जांच की गई।
एसएसपी दल बल के साथ आरडीसी में ठेकों और मार्केट में चेकिंग करने पहुंचे। पुलिस को देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया। कार में शराब पी रहे युवक पुलिस को देखकर भाग भाग निकले। एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि आला अधिकारियों के आदेश पर महिलाओं और युवतियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए यह अभियान चलाया गया है।
शोहदों और मनचलों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यह चेकिंग शाम 6.30 बजे से 8.30 बजे तक चला। चेकिंग के दौरान सीओ सेकेंड मनीष मिश्रा, एचएचओ कविनगर हेमंत राय, चौकी प्रभारी शरद समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा। एसएसपी ने बताया कि रोज शाम दो घंटे विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग की जाएगी।
मॉल के आसपास पटरी लगाने वालों का होगा वेरिफिकेशन
एसएसपी ने मॉल और शॉपिंग कांप्लेक्स के आसपास पटरी लगाकर सामान बेचने वालों का वेरिफिकेशन किए जाने के निर्देश दिए हैं। कई पुराने मामलों में जांच में सामने आया है कि आसपास पटरी लगाने वाले दुकानदार ही मुखबिरी करते हैं। ऐसे में उनका वेरिफिकेशन करने के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए हैं।
ट्रांस हिंडन और मसूरी में भी हुई चेकिंग
डीआईजी के निर्देशों के बाद टीएचए के इंदिरापुरम, साहिबाबाद थाना क्षेत्रों में एसपी सिटी सलमान ताज की अगुवाई में चेकिंग की गई। उधर, मसूरी थानाक्षेत्र में एसपी देहात ओमप्रकाश ने भी एसएचओ के साथ चेकिंग की। इस दौरान मॉल-मल्टीप्लेक्स के आसपास के दुकानदारों को संदिग्धों की सूचना पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।