मोरटा स्थित सनफोर्ट इंटरनेशनल स्कूल में रविवार को मुरादनगर विस सीट से सपा प्रत्याशी दिशांत त्यागी और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस का आरोप था कि बिना अनुमति सपा प्रत्याशी मीटिंग कर रहे थे, जबकि सपा प्रत्याशी ने दावा किया कि मीटिंग नहीं प्रेसवार्ता हो रही थी।
मुरादनगर में तैनात एसआई और विधानसभा चुनाव में फ्लाइंग स्क्वॉयड के प्रभारी यतेंद्र गोस्वामी को रविवार सुबह सूचना मिली कि सपा प्रत्याशी दिशांत त्यागी सनफोर्ट इंटरनेशनल स्कूल में मीटिंग कर रहे हैं। इस पर आननफानन में वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लाउडस्पीकर से एनाउंस किया।
बताया गया है कि इसके बावजूद सपा प्रत्याशी कार्यकर्ताओं से बातचीत करते रहे। इसी बात को लेकर सपा प्रत्याशी और दरोगा के बीच तीखी नोकझोंक हुई। फ्लाइंग स्क्वॉयड प्रभारी एसआई यतेंद्र गोस्वामी ने बताया कि स्कूल में बिना अनुमति के सपा प्रत्याशी मीटिंग कर रहे थे,
जिसे रुकवाते हुए दोबारा बिना अनुमति कोई भी कार्यक्रम न करने की उन्हें चेतावनी दी गई। उधर, प्रत्याशी दिशांत त्यागी का कहना है कि मीटिंग नहीं बल्कि प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया था, जिसमें कार्यकर्ता आ गए थे। वह पूरी तरह चुनाव आचार संहिता का पालन कर रहे हैं।