बकाया रकम मांगने पर बिल्डर के बाउंसरों ने एक ठेकेदार, उसकी मां और कर्मचारियों की जमकर पिटाई कर दी। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चार बाउंसरों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
ठेकेदार राकेश कुमार का आरोप है कि वर्ष 2011 से बिल्डर के साथ काम कर रहे हैं। नोएडा एक्सटेंशन, क्रासिंग रिपब्लिक समेत नोएडा के कई प्रोजेक्ट पर काम किया है। बिल्डर पर उनका करीब साढ़े चार करोड़ रुपये का बकाया है, जिसका भुगतान नहीं किया जा रहा।
इसकी शिकायत प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और पुलिस से भी की जा चुकी है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। इस पर सोमवार की सुबह आठ बजे ठेकेदार अपने परिवार और कर्मचारियों के साथ अभय खंड स्थित बिल्डर के कार्यालय के बाहर अनशन पर बैठ गए।
आरोप है कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे बिल्डर के बाउंसर आए और उनके बैग, गद्दे, पानी की बोतलें और मोबाइल छीनकर ले गए लेकिन उनका अनशन जारी रहा। इस बीच पुलिस भी आई और चली गई।
दोपहर करीब डेढ़ बजे बिल्डर के कार्यालय से करीब एक दर्जन बाउंसर दोबारा आए। इसके बाद पहले तो उनकी नोकझोंक हुई लेकिन बाद में बाउंसर मारपीट पर उतर आए। बाउंसरों ने सबको दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
मारपीट में भारत भूषण, आकाश, राजेश्वर पांडेय, नागेंद्र पांडेय, मुकेश शर्मा व आशा शर्मा को गंभीर चोट आई है। आरोप यह भी है कि बाउंसरों ने ठेकेदार की मां को भी पीटा। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया, जिसके बाद थाना इंदिरापुरम में बिल्डर के खिलाफ शिकायत दी गई।
थाना इंदिरापुरम एसएचओ ने बताया कि शिकायत मिलने पर बिल्डर के सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। चार बाउंसरों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ जारी है।
उधर, बिल्डर की कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि उनके कार्यालय के निकट जो वारदात हुई है, उसमें उनकी कंपनी के मैनेजमेंट का कोई हाथ नहीं है। सभी ठेकेदारों को समय पर भुगतान किया गया है। ठेकेदारों ने दूसरे ठेकेदारों से काम कराया है, जिसका भुगतान नहीं किया गया है। इससे हमारा कोई लेनादेना नहीं है।