राष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी और थाना इंदिरापुरम के पूर्व इंस्पेक्टर के बेटे की रिवाल्वर उनकी कार से चोरी कर ली गई है। इस संबंध में थाने में तहरीर दी गई है, हालांकि देर रात तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
पूर्व में थाना इंदिरापुरम में तैनात रहे रिटायर्ड इंस्पेक्टर रामनाथ यादव के बेटे अरविंद यादव इंदिरापुरम की ऑरेंज काउंटी सोसायटी में परिवार के साथ रहते हैं। वह इंडियन ऑयल कारपोरेशन आगरा में असिस्टेंट मैनेजर हैं।
बृहस्पतिवार तड़के करीब चार बजे वह आगरा स्थित ऑफिस से ऑरेंज काउंटी स्थित घर पर लौटे थे। वह सोसायटी के बाहर कार खड़ी कर फ्लैट में चले गए। शाम करीब पांच बजे वह बाहर निकले, तो देखा कार की लाइटें जल रही हैं।
उन्होंने कार का लॉक चेक किया तो दरवाजा खुला था। अंदर डैश बोर्ड पर रखी उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर चोरी हो गई थी। उन्होंने पुलिस को मामले की शिकायत दी। पीड़ित का आरोप है कि शुक्रवार को शिकायत देने के बाद भी उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। एसएचओ इंदिरापुरम प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि जांच की जा रही है। जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।