मेरठ रोड पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर लगने से ऊषा (35) की मौत हो गई है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। ऊषा निवासी गली नंबर दो सुभाष नगर घूकना पटेलनगर में हाउस कीपिंग का काम करती थीं।
इनके पति अमित नोएडा में निजी कंपनी में जॉब करते हैं। ऊषा के देवर राजेंद्र ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह ऊषा घर से काम पर गई थीं। दोपहर करीब 12 बजे पटेल नगर से वापस घर लौट रही थीं।
जैसे ही एनएच-58 पर घूकना मोड़ के पास पहुंची, तभी उन्हें दिल्ली से मेरठ की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक में गैस सिलेंडर भरे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रक चालक को पकड़ कर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। इस दौरान एक युवक ने ऊषा को पहचान लिया और पुलिस को इसकी जानकारी दी, तब पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। इस संबंध में राजेंद्र ने सिहानी गेट थाने में तहरीर दी है।
टला बड़ा हादसा
एसएचओ सिहानी गेट ने बताया कि हादसे के दौरान ट्रक में 70-80 भरे हुए गैस सिलेंडर रखे थे। अगर सिलेंडर सड़क पर बिखर जाते तो हादसा बड़ा सकता था, और भी एक्सीडेंट हो सकते थे, क्योंकि मेरठ रोड पर वाहनों की आवाजाही थी। गैस कंपनी को भी हादसे की जानकारी दे दी है।