लाजपत राय (एलआर) कालेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने रविवार शाम घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने कालेज प्रबंधन पर कर्मचारी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजेंद्र नगर स्थित धनपत कालोनी में रंजीत कुमार झा पत्नी रूपा, बेटे शिवम और बेटी कनिष्का के साथ रहते थे। रंजीत साहिबाबाद के एलआर कालेज में संविदा पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे।। रविवार को पत्नी रूपा वृंदावन गार्डन स्थित ससुर के घर गई थीं।
बच्चे भी बाहर थे। देर शाम जब वे लौटीं तो कमरे में रंजीत का शव पंखे से बंधा झूल रहा था। रूपा ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। रंजीत के भाई रणधीर का आरोप है कि रंजीत पिछले कई दिनों से परेशान चला रहे थे। कालेज मैनेजमेंट उस पर किसी बात को लेकर दबाव बना रहा था।
वह रोजाना आत्महत्या करने की बात कहते थे। एसओ सुरेंद्र यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उधर, कालेज के प्रधानाचार्य एसडी कौशिक ने बताया कि रंजीत का स्वाभाव बेहद अच्छा था। उस पर किसी प्रकार का दबाव बनाने अथवा परेशान करने का सवाल ही नहीं उठता। वह पारिवारिक कलह से परेशान रहते थे। कालेज में भी उन्हें कई बार समझाया गया था।
फंदा से लटका मिला ठेकेदार का शव
न्यू विकास नगर में सोमवार दोपहर एक ठेकेदार का शव पंखे से लटका मिला। पुलिस सुसाइड की आशंका जता शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मूलरूप से खेकड़ा के निवासी ठेकेदार राहुल जैन (34) लोनी की न्यू विकास नगर में किराए के मकान में रहते हैं।
सोमवार दोपहर उनकी पत्नी और बेटा कहीं गए थे। करीब एक घंटे बाद वापस लौटने पर उन्होंने राहुल को पंखे से लटका देखकर पुलिस को सूचना दी। लोनी कोतवाली एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बीमारी से परेशान युवक ने किया सुसाइड
बीमारी से परेशान चल रहे एक युवक ने रोशनदान के जाल से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मृतक दीपक कटियार (20) पुत्र अवधेश कटियार निवासी एस ब्लाक सेक्टर-9 विजयनगर था। वह परिवार के साथ इलाके में रहता था।
वह नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करता था। दीपक के पिता अवधेश एक कंपनी में अकाउंटेंट हैं। दीपक ने सोमवार दोपहर करीब दो बजे घर में अकेला पाकर एक सुसाइड नोट लिखकर जाल से लटककर सुसाइड किया।
उसने सुसाइड नोट में लिखा कि उसे एग्जिमा नाम की त्वचा की बीमारी हैं। इसके कारण ही वह सुसाइड कर रहा है। वहीं, अवधेश कटियार ने बताया कि दोपहर के समय दीपक की मां, बहन और भाई किसी काम से बाहर गए थे।
इसी बीच दीपक ने सुसाइड का कदम उठाया। उन्होंने बताया कि दीपक मूर्तियों का श्रृंगार करने में विश्वास रखता था। उसने रविवार शाम दूधेश्वर नाथ मंदिर में जाकर गणेश की मूर्ति का श्रृंगार करने में मंदिर समिति का हाथ बटाया था। उधर, एसओ विजयनगर का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।