फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रेड मॉल में निवेशकों का हंगामा, गेट बंद कर जताया विरोध

Mon, 15 May 2017 12:34 AM IST
अमर उजाला, गाजियाबाद
विज्ञापन
protest - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
गाजियाबाद। रेड मॉल में अपनी पूंजी का निवेश कर चुके निवेशकों को निर्धारित मासिक रकम न मिली तो रविवार को उन्होंने मॉल पर पहुंचकर हंगामा किया। मॉल के एमडी मिलने नहीं पहुंचे तो निवेशकों ने मॉल के मेन गेट को बंद कर विरोध जताया।
विज्ञापन


मॉल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची घंटाघर कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। मॉल के प्रबंध निदेशक के 30 जून तक पैसा देने के आश्वासन पर मामला रफा-दफा हो गया। निवेशकों ने बताया कि उन्होंने राजीव साहनी नाम के एक व्यक्ति के जरिए मॉल में निवेश किया था।

मॉल में लोगों ने करीब 300 करोड़ रुपये का निवेश कर रखा है। मॉल प्रबंधन ने निवेश की जाने वाली रकम के मुताबिक हर महीने एक निर्धारित रकम देने का वादा किया था। आरोप है कि  करीब छह महीने तक मॉल प्रबंधन की ओर से निर्धारित समय पर पैसा मिलता रहा, लेकिन करीब एक साल से पैसा मिलना बंद हो गया।
विज्ञापन


कई बार शिकायत करने पर राजीव साहनी ने रेड मॉल के एमडी राकेश बब्बर से रविवार को मिलवाने का वादा किया था। वादे के मुताबिक रविवार सुबह  10 बजे करीब 25-30 निवेशक एमडी राकेश बब्बर से मिलने रेड मॉल पर पहुंच गए।

निवेशकों का कहना है कि काफी देर इंतजार करने के बावजूद एमडी उनसे मिलने नहीं पहुंचे। फोन करने पर उन्होंने मंगलवार को मिलने का समय दिया। इस पर निवेशकों का गुस्सा भड़क गया। उन्होंने हंगामा कर मॉल का मेन गेट बंद कर दिया। इससे मॉल में आने-जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इस पर मॉल प्रबंधन ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर कुछ हथियार बंद बदमाशों के आने की सूचना दे दी। हथियारबंद बदमाशों की सूचना से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस की दो गाड़ियां मॉल पर पहुंच गई।

मामला आपसी लेनदेन का निकलने पर पुलिस मॉल के एमडी राजीव बब्बर, राजीव साहनी और निवेशकों को घंटाघर कोतवाली ले गई। वहां दोनों पक्षों में लिखित में समझौता होने पर पुलिस ने उन्हें जाने दिया। एसएचओ लक्ष्मी सिंह चौहान का कहना है कि दोनों पक्षों में सहमति बनने पर ही थाने से भेजा गया। मामले की जांच की जा रही है।

मॉल का संचालन शुरू हो गया है। कुछ निवेशकों को मंथली रकम नहीं मिल रही है। 30 जून तक पैसा उन्हें दे दिया जाएगा। निवेशक इस पर सहमत हो गए हैं। - राजीव बब्बर, एमडी, रेड मॉल

मॉल प्रबंधन ने 30 जून तक बकाया रकम चुकाने का वादा किया है। निर्धारित समय पर रकम का भुगतान न हुआ तो इस बार मॉल का संचालन बंद कराएंगे। - शेखर त्यागी, निवेशक
विज्ञापन

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें