विजय नगर में बाइक सवार दो बदमाशों ने कंपनी मैनेजर मनोज त्यागी के सिर में रॉड मारकर उन्हें घायल कर दिया और उनसे कैश-ज्वैलरी लूट ली। मनोज त्यागी बीएच-246 प्रताप विहार सेक्टर-12 में परिवार के साथ रहते हैं। वह नोएडा सेक्टर-61 स्थित आईबीएम कंपनी में मैनेजर हैं। सोमवार सुबह करीब साढे़ आठ बजे वह बाइक पर ऑफिस जा रहे थे।
संतोष अस्पताल के पास पीछे से बाइक पर दो युवक आए और उनसे बोले कि ‘तुम पीछे किसी लड़की को टक्कर मारकर भागे हो।’ यह सुनकर मनोज रुक गए। बदमाशों ने लोहे की रॉड उनके सिर में मार दी।
मनोज ने हेलमेट पहना हुआ था, जो रॉड लगने से टूट गया। इसके बाद बदमाशों ने उनके पैरों पर वार किए। मनोज ने बताया कि बदमाशों ने उनके गले से चेन, अंगूठी और पर्स लूट लिया।
पर्स में करीब 1200 रुपये, आईडी कार्ड और दो एटीएम कार्ड थे। इसी दौरान मनोज के पड़ोसी प्रशांत कुमार कार से वहां आए तो बदमाश हिंडन बैराज की तरफ भाग गए। दोनों बदमाश हेलमेट पहने हुए थे।
मनोज घायल अवस्था में विजय नगर थाने पहुंचे और तहरीर दी। एसओ विजय नगर ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।