राजनगर एक्सटेंशन में ओवरटेक करने के चक्कर में सिलेंडर से भरे दो ट्रक पलट गए। चालक-परिचालक ट्रक में फंसे रहे, जिन्हें शीशे तोड़कर निकाला गया। इस दौरान सिलेंडर सड़क पर बिखर गए, जिससे करीब एक घंटे जाम लगा रहा। ट्रैफिक पुलिस ने क्रे न से ट्रक को हटवाकर जाम खुलवाया गया।
ट्रक चालक धर्मपाल और रवींद्र ने बताया कि वह हसनपुर से भारत गैस के खाली सिलेंडर लेकर लोनी स्थित गैस प्लांट पर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों ट्रक चालक ओवर स्पीड से चल रहे थे।
राजनगर एक्सटेंशन रोड पर सिटी फोरेस्ट के पास एक दूसरे को ओवरटेक करने के चक्कर में दोनों ट्रक पलट गए। एक ट्रक खाई में गिरा, दूसरा राजनगर एक्सटेंशन रोड पर। गनीमत रही कि ट्रकों में रखे सिलेंडर खाली थे, जिस वजह से बड़ा हादसा होने से बचा।
रास्ते पर सिलेंडर गिरने से आवागमन में राहगीरों को परेशानी हुई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों ट्रक को हटवाकर ट्रैफिक पुलिस ने जाम खुलवाया। एसएचओ सिहानी गेट अवनीश गौतम ने बताया कि दोनों ट्रक चालक सुरक्षित हैं।