कैला भट्टा क्षेत्र में गुलिस्ता पर तेजाब डालने के मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी फरार हैं। पुलिस के अनुसार गुलिस्ता का रिश्ता दूसरी जगह तय हो जाने से नाराज एकतरफा प्यार करने वाले सिरफिरे आशिक ने उस पर तेजाब डाल दिया था।
पकड़ा गया आरोपी शाहरुख ग्रेटर नोएडा के दादरी का रहने वाला है। वह दादरी में ही चिकन की दुकान चलाता है। एसपी सिटी ने बताया कि शाहरुख ने एक तरफा प्यार में गुलिस्ता पर 21 मार्च की रात को तेजाब डाल दिया था। इससे उसका चेहरा गंभीर रूप से झुलस गया था।
तभी से गुलिस्ता का दिल्ली स्थित सफदर जंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। चार अप्रैल को आरोपी शाहरुख गुलिस्ता को देखने सफदरगंज अस्पताल पहुंच गया था, जहां परिवार द्वारा उसके बारे जानकारी देने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि शाहरुख गुलिस्ता के एक रिश्तेदार के गांव का रहने वाला है। करीब एक साल पहले शाहरुख ने गुलिस्ता से शादी के लिए रिश्ता भेजा था, जिसे गुलिस्ता के लिए पिता जलील ने मना कर दिया था। इसके बाद से शाहरुख ने लगातार गुलिस्ता पर शादी करने का दबाव बना रहा था।
इसी बीच गुलिस्ता के परिजनों ने उसका बुलंदशहर के एक युवक से उसका रिश्ता तय कर दिया था। इसके बाद भी शाहरुख लगातार गुलिस्ता को फोन कर धमकाया करता था और उस पर तेजाब डालने की धमकी देता था।
एसपी सिटी ने बताया कि शाहरुख द्वारा दी गई धमकी की पुलिस को अस्पताल से जानकारी मिली है। साथ ही बताया कि वारदात से चार दिन पहले आरोपी गुलिस्ता की बहन की शादी में भी आया था। तब भी आरोपी ने गुलिस्ता को किसी ओर के साथ शादी करने से मना किया था।
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी वारदात करने के लिए छत के पीछे वाले रास्ते से घर में गया था और वारदात को अंजाम देकर उसी रास्ते से फरार हो गया था। यह पूरी वारदात दूधेश्वरनाथ मंदिर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसमें एक बाइक पर तीन लोग भागते हुए दिख रहे थे।
पुलिस शाहरुख के फरार दो साथियों की तलाश में लगी है। शाहरुख ने बताया कि उसे जानकारी मिली था कि गुलिस्ता की आंखों की रोशनी चली गई है और वो जिंदगी और मौत की लड़ाई लड़ रही है तो वह उससे आखिरी बार मिलने गया था। वहीं आरोपी का कहना है कि उसने गुलिस्ता के ऊपर तेजाब नहीं फेंका है।
वह अगर तेजाब फेंकता तो उससे मिलने नहीं जाता।एसपी सिटी ने बताया कि उन्होंने फोन पर गुलिस्ता और उसके परिजनों से बात की है और उन्हें बताया कि उस पर तेजाब फेंकने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है तो वह यह बात जानकर काफी खुश है।
बदनामी के डर से नहीं बताया परिजनों को कुछ
आरोपी शाहरुख कई बार गुलिस्ता को तेजाब डालने की धमकी दे चुका था, लेकिन उसने परिजनों को बदनामी के डर से इस बारे में कुछ नहीं बताया। पुलिस इस केस की पूछताछ में और भी कई सवालों के जवाब अस्पताल में जाकर गुलिस्ता से लेगी।
पुलिस को भी नहीं पता कहां से आया था तेजाब
प्रेस वार्ता के दौरान एसपी सिटी ने जब यह सवाल पूछा गया कि आरोपी सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद भी मार्केट में कहां से तेजाब खरीदकर लाया तो वह इस बात का जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि आरोपी से इस बारे में पूछताछ की जा रही है।