क्राइम ब्रांच ने स्टंट के लिए स्पोर्ट्स बाइक्स चुराने वाले गैंग के तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर चोरी की 11 बाइक और 3 स्कूटी बरामद की हैं, जिन्हें यह पार्किंग और खंडहर में छिपाकर रखते थे।
पकड़े गए वाहन चोरों में रॉकी, नरेश और कैलाश हैं। यह मेरठ के सरधना और रोहटा के रहने वाले हैं। रॉकी चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से बीए सेकेंड ईयर का स्टूडेंट है। वह जानलेवा हमले में भी वांछित था।
नरेश पर एक दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच एसआई की टीम ने इन्हें चेकिंग के दौरान केंद्रीय विद्यालय कमला नेहरूनगर के पास से गिरफ्तार किया। यह गैंग स्पोर्ट्स बाइक को दिल्ली-एनसीआर में पांच हजार रुपये महीना किराए पर देता था। इनका गोरखधंधा व्हाट्स एप पर चलता था। बाकी बाइक्स और स्कूटी 5 से 15 हजार में बेच देते थे या दिल्ली-मेरठ में कटवा देते थे।
एसपी सिटी सलमान ताज ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गैंग लीडर सन्नी निवासी जैनपुर थाना सरूरपुर, मेरठ भागा हुआ है। सन्नी पर कई जिलों में दो दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं। उसने एनसीआर में कई छोटे-छोटे ग्रुप बनाए हुए हैं, जिनके काम बंटे हुए हैं।
मसलन, कौन रेकी करेगा, कौन लॉक तोड़ेगा, कौन वाहन चुराएगा और कौन निगरानी करेगा। इनसे बरामद स्पोर्ट्स बाइकों में ड्यूक स्पोर्ट्स बाइक शिवाजी पार्क दिल्ली से चोरी की गई थी, जिसकी कीमत करीब एक लाख 80 हजार रुपये है। होंडा सीबीआर राजौरी गार्डन से चोरी की गई थी, जिसकी कीमत करीब एक लाख 40 हजार रुपये है।
ऑन डिमांड चुराते थे बाइक
सन्नी स्टंट करने का शौकीन है। स्टंट के लिए वह महंगी से महंगी बाइक ऑन डिमांड चोरी कर उपलब्ध कराता है। पिछले दिनों शक्ति निवासी मेरठ एक्सीडेंट में घायल हो गया। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि वह स्टंट करने के लिए बाइक किराए पर लेता है। स्टंट वाली बाइक चोरी की होती हैं, तब से पुलिस इस गिरोह की तलाश में लगी थी।
लड़कियों को इंप्रेस करने के लिए करते थे स्टंट
पुलिस गिरफ्त में चोरों ने बताया कि ज्यादातर युवक उनसे स्टंट वाली बाइक इसलिए लेते थे, ताकि वह लड़कियों को इंप्रेस कर सकें। स्कूल-कॉलेज के आसपास वह स्पोर्ट्स बाइक पर स्टंट करते हुए घूमते थे।
जीआरपी ने लूट की साजिश रचते तीन धरे
जीआरपी ने ट्रेनों में लूट की साजिश रचते तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से मोबाइल और चाकू मिले हैं। तीनों को जेल भेज दिया है। जीआरपी एसआई इंद्रपाल सिंह ने बताया कि शनिवार को चेकिंग के दौरान जीआरपी ने प्लेटफार्म नंबर तीन और चार पर नए पुल के पास से दो लुटेरों को ट्रेनों में यात्रियों से लूट की साजिश रचते गिरफ्तार किया है।
इनमें साजिद और बिलाल निवासी कैला खेड़ा कोतवाली गाजियाबाद हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पूर्व में यात्रियों से लूटे गए मोबाइल की तीन घटनाओं को कबूला है। वहीं, जीआरपी ने पिलखुवा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से रिजवान निवासी गांव सिखेड़ा पिलखुवा को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से एक मोबाइल बरामद हुआ है।