त्योहारी सीजन में मिलावट खोरों पर नकेल कसने के लिए फूड डिपार्टमेंट ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को मेरठ रोड इंडस्ट्रियल एरिया में डिपार्टमेंट की टीम ने दाल मील पर छापा मारा। वहां 2.50 लाख रुपये कीमत की मूंग की दाल के कट्टे सीज किए।
डीएम के निर्देश पर फूड डिपार्टमेंट की 6 टीमें 30 अक्तूबर तक बाजारों में सघन चेकिंग अभियान चलाएगी। चीफ फूड सेफ्टी अफसर अजय जायसवाल ने बताया कि फेस्टिव सीजन में सबसे ज्यादा मिलावटी खाद्य पदार्थ बिकता है।
मिलावटखोर ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में केमिकल युक्त मावा व अन्य खाद्य सामग्री को बाजार में खपत करते हैं। ग्राहकों को भी मालूम नहीं होता कि मिठाईयां शुद्ध है या मिलावटी। वहीं उनके स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ किया जाता है। यह रोकने के लिए ही अभियान चलाया जा रहा है।
मंगलवार को टीम ने मेरठ रोड इंडस्ट्रियल एरिया में छापा मारा। वहां एक दाल मील से मूंग की दाल के करीब 150 कट्टे सीज किए गए। प्रथम दृष्टया इस दाल में गड़बड़ी मिली। लिहाजा सैंपल लिए गए हैं। साथ ही मटर और मसूर की दाल के भी दो सैंपल लेकर लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी।