शाहपुर बम्हैटा गांव में रहने वाले कं पनी कर्मचारी ने रूममेट से परेशान होकर सुसाइड किया था। मृतक के परिजनाें ने रूममेट दो रिश्तेदारों पर पैसों के लेनदेन को लेकर मारपीट और गलत हरकत करने का आरोप लगाया है। कविनगर पुलिस ने आत्महत्या के लिए मजबूर करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
फर्रुखाबाद के थाना अमृतपुर स्थित नगला हूसा गांव निवासी सत्यप्रकाश ने शुक्रवार को कविनगर थाने में तहरीर दी। सत्यप्रकाश ने बताया कि उनका भाई रामकृष्ण उर्फ सुआलाल (35) शाहपुर बम्हैटा में दो रिश्तेदार निर्मल और डंबर निवासी हरदोई के साथ एक रूम में रहता था।
वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। दोनों रिश्तेदारों को उसने 30 हजार रुपये उधार दिए थे, जिन्हें वापस मांगने पर 28 और 29 फरवरी 2016 को उसकी पिटाई की गई। दोनों की प्रताड़ना से परेशान होकर रामकृष्ण ने रूम चेंज कर लिया और परिजनों को फोन कर इसकी जानकारी दी थी।
आरोप है कि 9 मार्च को निर्मल और डंबर ने रामकृष्ण को प्रताड़ित किया और उसके साथ गलत हरकत की। इससे परेशान होकर उसने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। रामकृष्ण के परिवार में पत्नी, चार बेटियां और एक बेटा है।
सत्यप्रकाश ने बताया कि रामकृष्ण ने बच्चों से कहा था कि होली पर वह घर आएंगे, लेकिन घर उनकी मौत का संदेशा पहुंचा। एसएचओ कविनगर अशोक सिसौदिया ने बताया कि जंच कर कार्रवाई की जाएगी।
‘शराब के नशे में आरोपियों ने कबूला गुनाह’
सत्यप्रकाश ने दावा किया कि आरोपी रामकृष्ण के अंतिम संस्कार में शराब के नशे में पहुंचे थे। वहां पर उन्होंने नशे में बताया कि उनकी प्रताड़ना से परेशान होकर रामकृष्ण ने जान दी है।