कोतवाली इलाके स्थित एक बैंक्वेट हॉल में शुक्रवार देर रात डीजे पर गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इस दौरान डीजे संचालक ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर एक युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।
निशांत कालोनी निवासी टैक्सी चालक संजय (24) कोतवाली इलाके में पुश्ता पुलिस चौकी के पीछे स्थित बैंक्वेट हॉल में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। जहां डीजे पर गाना बजाने को लेकर उसका डीजे मालिक के भाई व ऑपरेटर के साथ झगड़ा हो गया।
जानकारी मिलने पर डीजे मालिक प्रदीप निवासी निशांत कालोनी भी मौके पर पहुंच गया और संजय पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर भाग निकला। संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस संजय को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही प्रदीप को भी गिरफ्तार कर उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। कोतवाली एसएचओ ओपी चौधरी ने बताया कि संजय और प्रदीप चार वर्ष पहले तक दोस्त थे लेकिन संजय ने प्रदीप की बहन के साथ छेड़छाड़ कर दी थी।
इसको लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, बाद में उनकी दोस्ती टूट गई थी। पिछले कुछ महीनों में दोनो के बीच कई बार मारपीट भी हुई थी।