नोटबंदी के चलते आम आदमी को हो रही परेशानी के खिलाफ समाजवादी मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को मोहन नगर चौराहे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंककर अपना विरोध जताया। इस दौरान कार्यकर्ता जीटी रोड पर लेट गए और जाम लगा दिया।
जाम और हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्यकर्ताओं को जीटी रोड से हटाकर जाम खुलवाया। इस दौरान करीब एक घंटे तक लोग जाम में फंसकर परेशान हुए। सपा मजदूर सभा के कार्यकर्ता बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे मोहननगर चौराहे पर एकत्र हुए और नारेबाजी शुरू कर दी।
सभा के महानगर अध्यक्ष मनमोहन गामा ने कहा कि नोटबंदी से सबसे ज्यादा मजदूर वर्ग प्रभावित है। पैसे के लिए मजदूरों को कामकाज छोड़कर बैंकों की कतार में लगना पड़ रहा है जबकि कालाधन रखने वाले अमीर लोग लाइन की जगह सांठगांठ कर नई करेंसी आसानी से पा जा रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का सांकेतिक पुतला फूंककर मोहन नगर चौराहे पर जाम लगा दिया। कार्यकर्ता सड़क पर लेट गए, जिससे चौराहे के चारों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। हंगामा और जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यकर्ताओं को जीटी रोड से हटवाकर जाम खुलवाया।
इस दौरान करीब एक घंटे तक वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान शहाबुद्दीन सैफी, उपाध्यक्ष जब्बार मलिक, राशिद मलिक, नरेंद्र चौहान, राशिद प्रधान, रितु खन्ना, अब्दुल शेख आदि मौजूद रहे। उधर, पुलिस ने जाम लगाने वालों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।