संजय नगर सेक्टर-23 में चोरों ने दरोगा के मकान के मेन गेट का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। कविनगर पुलिस छानबीन कर रही है। विनेश पत्नी राजकुमार के-949, संजय नगर सेक्टर-23 में बेटे के साथ रहती हैं।
वह एलआईयू गाजियाबाद में कांस्टेबल हैं, जबकि उनके पति बरेली में दरोगा हैं। पड़ोसियों ने बताया कि शुक्रवार को विनेश पति से मिलने के लिए बरेली चली गईं थीं। चारों ने देर रात में किसी समय मकान के मेन गेट का ताला तोड़कर चोरी की।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने घर का गेट खुला देखा, लेकिन मेन गेट अंदर से बंद होने के कारण उन्होंने समझा कि विनेश घर पर ही हैं। दोपहर के समय उनके घर के सामने वाली लेन में रहने वाली उनकी जेठानी ने अपनी बेटी को उनके घर किसी काम से भेजा तो घर के मेन गेट का ताला टूटा पड़ा था और अंदर सामान बिखरा हुआ था।
उनकी बेटी ने तुरंत उन्हें जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने बाहर पड़ोसियों और मोहल्ले के लोगों को चोरी के बारे में बताया। पड़ोसियों के अनुसार चोरों ने उनके घर से एक एलईडी और अन्य सामान चुराया है।
वहीं, चर्चा रही कि चोर राजकुमार की लाइसेंसी रिवाल्वर भी चोरी कर ले गए हैं, हालांकि घरवालों के मौके पर न होने इस इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई। शाम करीब साढ़े चार बजे विनेश और पुलिस को चोरी की सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर गेट पर ताला लगवा दिया है। वहीं, इस संबंध में कविनगर एसएचओ हेमंत राय का कहना है कि पुलिस के पास अब तक कोई तहरीर नहीं आई है। पीड़ित परिवार के बरेली से लौटने के बाद ही पता चल सकेगा कि कितना और क्या-क्या सामान चोरी हुआ है। हालांकि 100 नंबर की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।