संतपुरा कालोनी गली नंबर छह से डेढ़ माह पहले संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुए युवक का शव शनिवार को राज चौराहे के पास नाले में मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने हत्या कर हत्या कर शव नाले में फेंकने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि युवक शराबी था और नशे में नाले में गिरकर उसकी मौत हो गई।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।शनिवार की सुबह बारिश के चलते नगर पालिका परिषद ने नालों की सफाई शुरू की। इस दौरान राज चौराहे के पास स्थित नाले से सफाई के दौरान एक युवक की लाश मिली। जिसकी शिनाख्त प्रदीप शर्मा (25) पुत्र दिनेश शर्मा निवासी गली नंबर छह संतपुरा कालोनी मोदीनगर के रूप में हुई।
एसएचओ ध्रुव भूषण दूबे ने बताया कि प्रदीप शर्मा 22 नवंबर से लापता था। परिजनों ने कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। एसएचओ का कहना है कि युवक शराबी था। आशंका है कि नशे में नाले में गिरने के कारण युवक की मौत हुई है।
उधर परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक की हत्या कर शव नाले में फेंका गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणाें का पता चलेगा।