कविनगर थाने में ठगी के आरोप में हिरासत में लिए गए एक युवक की तबीयत बिगड़ गई, जिससे पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे संजयनगर सेक्टर-23 स्थित संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
हिरासत में लिए गए युवक पर गोविंदपुरम स्थित एक प्लाट के बैनामे में करीब पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। इस मामले में राकेश निवासी गोविंदपुरम ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कविनगर पुलिस ने आरोपी को शनिवार सुबह हिरासत में लिया और थाने ले आई, जहां उससे गोविंदपुरम चौकी इंचार्ज और पुलिसकर्मी पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी को हार्ट प्रॉब्लम हुई और आरोपी ने चौकी इंचार्ज को इस बारे में बताया। पहले तो इस हालत में भी पुलिसकर्मी उससे पूछताछ करते रहे।
जब उसकी हालत ज्यादा बिगड़ने लगी तो पुलिस उसे पीसीआर से संयुक्त जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने चेक किया तो उसका बीपी बढ़ा हुआ था।इस मामले में जब आरोपी के परिवार को जानकारी हुई तो उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी दी थी युवक हाई बीपी का मरीज है।
इसके बाद भी पुलिस ने उसे पूछताछ के बहाने टॉर्चर किया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।