100 रुपये की डिजिटल वॉच के लिए की थी किशोर की हत्या
गाजियाबाद। खोड़ा पुलिस ने 12 अगस्त को हुई किशोर की हत्या का खुलासा कर दिया है। शुक्रवार को पुलिस ने नामजद आरोपियों में से एक आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने 100 रुपये कीमत की डिजिटल वॉच के लिए 14 वर्षीय किशोर की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की थी।
पकड़ा गया आरोपी अरबाज (20) निवासी आजाद विहार खोड़ा कालोनी है। एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि पुलिस ने हिंडन नहर किनारे से उसे गिरफ्तार किया। 12 अगस्त को अरबाज, सनी पुत्र राजू और तीन-चार बच्चे साथ खेल रहे थे। सनी ने हाथ में एक डिजिटल वॉच बांधी हुई थी, जिसे अरबाज ने छीन लिया था। इसके बाद वह भाग गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह सनी की घड़ी देने के लिए वापस उसके घर गया था। जहां उसकी घर में लड़ाई हो गई। उसने गुस्से में सनी की बहन के दुपट्टे से ही गले में फंदा लगाकर फर्श पर घुमा दिया था। दम घुटने से उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद उसने शव को कमरे की चौखट पर दुपट्टे के साथ ही लटका दिया था, ताकि लोगों को लगे कि सनी ने आत्महत्या की है। एसएसपी का कहना है कि बाकी दो नामजद आरोपियों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।