पहले पति को किया पुलिस के हवाले, बाद में छुड़वाया
सिहानी गेट थाना क्षेत्र में गुलधर रेलवे स्टेशन के पास रहने वाली एक महिला को पति द्वारा बुधवार रात केरोसीन डालकर जलाए जाने की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो मामला पति द्वारा पत्नी की पिटाई का निकला। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया, लेकिन बृहस्पतिवार सुबह पत्नी ने पुलिस से माफी मांगकर पति को छुड़वा लिया।
बुधवार रात करीब 12 बजे एक महिला ने 100 नंबर पर सूचना दी कि पति ने उस पर केरोसीन डालकर आग लगा दी है। आनन-फानन में पुलिस गुलधर रेलवे स्टेशन के पास स्थित महिला के घर पहुंची तो पति महिला की पिटाई कर रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। सूचना फर्जी निकलने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली। आरोपी पति को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे महिला थाने पहुंची और एसओ सिहानी गेट से पति को छोड़ने की गुहार लगाई। पति ने भी माफी मांगी कि इसके बाद कभी झगड़ा नहीं करेंगे। महिला ने बताया कि खाना बनाने में देरी होने पर पति उसकी पिटाई कर रहा था। दोनों के माफी मांगने पर एसओ ने पति को छोड़ दिया। साथ ही चेतावनी भी दी कि अगर झूठी सूचना दी तो कार्रवाई की जाएगी।