सेफ्टिक टैंक में डूबकर मासूम की मौत
लोनी। नगर के गायत्री विहार में शनिवार को निर्माणाधीन मकान के सेफ्टिक टैंक में गिरने से तीन साल के मासूम की मौत हो गई। निर्माणाधीन मकान में बच्चे का पैर फिसलने से यह हादसा हुआ। बच्चे को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेहटा हाजीपुर की गायत्री विहार कालोनी में संतोष कुमार परिवार के साथ रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। घर के पास ही उनके ससुर का मकान बन रहा है। शनिवार को उनका छोटा बेटा अंश (3) अपने नाना के निर्माणाधीन मकान में चला गया। जहां अचानक पैर फिसलने से वह सेफ्टी टैंक में जा गिरा। पानी में गिरने की आवाज सुनकर मकान में काम कर रहे मिस्त्री ने शोर मचाया। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को टैंक से बाहर निकालकर दिल्ली के जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। सीओ दुर्गेश ने बताया कि पीड़ित परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।