तस्करी के लिए मोडिफाई कराई थी कार, गांजा के साथ दो गिरफ्तार
गाजियाबाद। कविनगर पुलिस ने एनसीआर के कई शहरों में गांजा तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार कर 21 किलो गांजा, एक कार और चोरी की एक स्कूटी बरामद की है। गांजा तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए पिछली सीट के पीछे गुप्त डिक्की बना रखी थी। इस डिक्की में एक कुंतल गांजा ले जाया सकता था।
कविनगर एसएचओ प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि पकड़े गए गांजा तस्कर सुनील गिरी निवासी बम्हेटा और सतेंद्र उर्फ टीटू निवासी सैन विहार विजय नगर हैं। दोनों ने पुराने मॉडल की स्विफ्ट डिजायर कार की डिक्की के दो हिस्से करा रखे थे। एक हिस्से का मुंह कार की पिछली सीट के नीचे था। कार की डिक्की को पीछे से देखने पर उसका पता नहीं चलता था। चेकिंग के दौरान पुलिस डिक्की चेक करती थी, लेकिन गांजा दिखाई नहीं देता था। सीट में एक गुप्त लॉक लगवाया गया था, जिसे उठाकर ही गांजा रखा या निकाला जा सकता था। इसका किसी को पता नहीं था। एसएचओ के मुताबिक, शुक्रवार रात उन्हें सूचना मिली कि तस्कर भारी मात्रा में गांजा लेकर सदरपुर रोड पर आने वाले हैं। तब पुलिस टीम लगाकर उन्हें एनडीआरएफ रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। चेकिंग में 21 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए दोनों गांजा तस्कर लंबे समय से इस धंधे में शामिल थे। सतेंद्र उर्फ टीटू पूर्व में शराब तस्करी में भी पकड़ा गया था। वह जेल जा चुका है। उनके पास से शास्त्री नगर से चोरी हुई एक स्कूटी भी मिली है। यह स्कूटी गांजे को गली-मोहल्लों में सप्लाई करने में इस्तेमाल की जाती थी।
एक सिपाही का मुखबिर रह चुका है सतेंद्र
गांजा तस्कर सतेंद्र उर्फ टीटू पूर्व में एक सिपाही का मुखबिर रह चुका है। उसने कई पुलिसकर्मियों के साथ फोटो खिंचवाकर मोबाइल में सेव कर रखी है। कहीं चेकिंग में पकड़ा जाता था तो वह पुलिसकर्मियों के साथ खिंचवाए गए फोटो को दिखाकर उनका करीबी बता देता था। इसके चलते चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मी स्टाफ का मामला समझकर छोड़ देते थे।