बाइक सवार बदमाशों ने छात्रा से चेन लूटी
गाजियाबाद। बाइक सवार बदमाशों ने किराना मंडी पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर छात्रा से चेन लूट ली। छात्रा दौड़कर पुलिस चौकी पहुंची तो वहां ताला लगा था और पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे। छात्रा ने डायल-100 पर सूचना दी, लेकिन बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। पीआरवी के साथ सिहानी गेट थाने जाकर छात्रा ने लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मुरादनगर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री परिसर में रहने वाली प्रीति राणा एमएससी पास कर चुकी है और अंबेडकर रोड स्थित एक इंस्टीट्यूट में टीचिंग की कोचिंग क्लास लेती हैं। बुधवार सुबह करीब आठ बजे प्रीति बस से पुराने बस पहुंची और यहां से पैदल अंबेडकर रोड पर इंस्टीट्यूट पर जा रही थी। प्रीति के मुताबिक कालका गढ़ी पुलिस चौकी से कुछ मीटर पहले बाइक पर दो बदमाश आए और गले से सोने की चेन लूट ली। उसने शोर मचाया, लेकिन वह फरार हो गए। पुलिस को सूचना देने प्रीति कालका गढ़ी पुलिस चौकी पर पहुंची, लेकिन वहां ताला लगा था। 100 नंबर पर सूचना देने के करीब पांच मिनट बाद ही पीआरवी मौके पर पहुंची और जानकारी लेकर सिहानी गेट थाने ले गए। प्रीति ने यहां अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसओ विनोद कुमार पांडेय का कहना है कि लुटेरों की तलाश की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों से फुटेज लेकर बदमाशों की पहचान का प्रयास करेंगे।