साथी पर मुकदमा दर्ज होने से भड़के अधिवक्ता
हापुड़। हाफिजापुर थाना क्षेत्र निवासी अधिवक्ता पर मुकदमा दर्ज होने से नाराज अधिवक्ताओं ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी। इस दौरान 11 अधिवक्ता प्रतिदिन भूख हड़ताल पर भी रहेंगे। उन्होंने हाफिजपुर थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई करने व मुकदमा वापिस लेने की मांगों को लेकर एएसपी को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को हापुड़ बार एसोसिएशन की बैठक में अध्यक्ष संजय कुमार कंसल ने बताया कि हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव सादिकपुर में एडवोकेट मुकेश शर्मा का पड़ोसियों के साथ विवाद हुआ था। जिस पर पड़ोसियों ने 12 अगस्त को उनके घर में घुसकर हमला कर दिया था। इस मामले में अधिवक्ताओं के दबाव में थाना प्रभारी द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया। जबकि उसी दिन से पुलिस द्वारा फैसले का दबाव बनाया जा रहा था। इसी मामले में कोर्ट के माध्यम से पता चला कि पुलिस ने 20 अगस्त को अधिवक्ता के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कर लिया।
उन्होंने कहा कि इस मामले का विरोध करते हुए अधिवक्ताओं ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। प्रतिदिन 11 अधिवक्ता भूख हड़ताल पर रहेंगे। अधिवक्ताओं ने एएसपी राम मोहन सिंह को तीन मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा है। जिनमें हाफिजपुर थाना प्रभारी को बर्खास्त करना, अधिवक्ता पर झूठी एफआईआर वापस लेना व मारपीट करने वालों को गिरफ्तार करना शामिल है। एएसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन देने वालों में अनिल शिशौदिया, दिनेश चंद त्यागी, उदय सिन्हा, हरीश शर्मा, मुकेश शर्मा, खालिद खान, पुरुषोत्तम वर्मा, अनिल चौधरी, अमित पायल, रविंद्र निमेष, विकास त्यागी, सुशील आजाद, पंकज कुमार, देवेंद्र सागर, श्यामबीर सिरौही, अशोक चौधरी व देववृत्त शर्मा शामिल थे।