घर में घुसे एक चोर को दबोचा, दो माल लेकर फरार
गाजियाबाद। विजयनगर की लट्ठमार कालोनी के बंद मकान में घुसे चोर को लोगों ने दबोच लिया। उसके दो साथी फरार हो गए। मकान मालिक ने थाने में तहरीर दी है।
मूलरूप से जहांगीराबाद बुलंदशहर निवासी दो भाई पंकज और रोहित परिवार समेत लट्ठमार कालोनी में रहते हैं। रोहित दादरी तहसील में काम करता है। हर शनिवार को दोनों अपने गांव चले जाते हैं और सोमवार को लौट आते हैं। रविवार को उनके बंद मकान में तीन चोर घुस गए। पड़ोसियों ने देखा तो शोर मचा दिया। दो चोर फरार हो गए और एक को लोगों ने दबोचकर पुलिस को सौंप दिया। रोहित का कहना है कि चोर 20 हजार रुपये, दो अंगूठी और चांदी की ज्वेलरी ले गए। विजयनगर थाना एसएसआई संजीव कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।