पांच साल की मासूम से दुष्कर्म, लोगों का हंगामा
हापुड़। देहात थाना की गढ़ गेट पुलिस चौकी क्षेत्र के एक मोहल्ले में घर से दुकान पर टॉफी लेने गई पांच साल की मासूम को कुछ दरिंदों ने अगवा कर दुष्कर्म किया। लहूलुहान हालत में बच्ची को रेलवे लाइन के पास छोड़ आरोपी मौके से भाग गए। वहां से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर बच्ची पर पड़ी, उसके बाद बच्ची को ढूंढते हुए परिजन भी मौके पर पहुंचे। मोहल्ले के लोगों ने बच्ची की हालत को देखकर हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा है।
देहात थाना क्षेत्र की गढ़ गेट पुलिस चौकी क्षेत्र के एक मोहल्ले निवासी व्यक्ति की पांच वर्षीय पुत्री घर से बृहस्पतिवार रात 9 बजे अपनी टॉफी लेने के लिए दुकान पर गई थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने मासूम को अगवा कर लिया। युवक उसे पास ही स्थित रेलवे लाइन के पास ले गए और उसके साथ रेप किया। बच्ची को लहूलुहान स्थिति में छोड़कर आरोपी मौके से भाग गए।
बच्ची के लापता होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो पता चला कि रेलवे लाइन पर एक बच्ची लहूलुहान स्थिति मेें बेहोश पड़ी है। जिसकी सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बच्ची को उठाया। रेप की सूचना पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा है। सीओ राजेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे । उन्होंने बच्ची को मेडिकल के लिए भेजा और लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। थाना प्रभारी महावीर सिंह का कहना है कि बच्ची अस्पताल में भर्ती कराने के साथ उसका मेडिकल कराया जा रहा है। फिर भी सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच की जा रही है।