लूट के खुलासे की मांग को एसएसपी से मिले बसपा नेता
- नेहरू नगर में हुई लूट का नहीं हुआ खुलासा
- पुलिस ने जांच का एंगल बदला, एक सप्ताह में घर आए लोगों की सूची मांगी
गाजियाबाद।
बसपा नेता की पत्नी को बंधक बनाकर हुई लूट का खुलासा अभी तक नहीं हुआ है। इसको लेकर सोमवार को बसपा नेता अमित गर्ग एसएसपी से मिले। उन्होंने एसएसपी से लूट का जल्द खुलासा करने और बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की। एसएसपी एनएच सिंह ने घटना के जल्द ही खुलासे का आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि पुलिस ने घटना के बाद से कई संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है। परिवार से पहचान भी कराई गई, लेकिन घटना में उनके शामिल न होने की पुष्टि होने पर उन्हें छोड़ दिया गया। उन्होंने बताया कि पांच टीमों को बदमाशों की तलाश में लगाया गया है। उधर, एसओ सिहानी गेट विनोद पांडेय का कहना है कि अब जांच का एंगल बदला गया है। वादी से घटना से एक सप्ताह पूर्व तक उनके घर आने वाले लोगों की जानकारी मांगी गई है। वारदात में कोई करीबी भी शामिल हो सकता है।