‘हमारा अरमान चला गया, किसी और का नहीं जाने देंगे’
सबहेड
प्रेसवार्ता में फूटा अरमान की मां स्वाति का गुस्सा, बोलीं-जारी रहेगी स्कूल के खिलाफ लड़ाई
प्वाइंटर
कहा- आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मंगलवार सुबह से स्कूल गेट पर देंगे धरना
पीएम-सीएम को लेना चाहिए संज्ञान, पुलिस पर आरोपियों की मदद करने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
साहिबाबाद। बेटे की मौत से गुस्साए अरमान के माता-पिता ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। परिजनों ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर चेतावनी दी कि ‘हमारा अरमान भले ही चला गया, मगर किसी और के साथ ऐसा नहीं होने देंगे।’ स्कूल और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ लड़ाई लगातार जारी रहेगी। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मंगलवार सुबह नौ बजे से स्कूल के गेट पर धरना दिया जाएगा। स्कूल नहीं चलने देंगे।
सोमवार को वैशाली सेक्टर पांच स्थित अपने आवास पर प्रेसवार्ता के दौरान छात्र अरमान की मां स्वाति ने कहा कि नेताओं-अधिकारियों सभी ने उनका भरोसा तोड़ा है। सोमवार रात तक अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह मंगलवार सुबह नौ बजे स्कूल पर प्रदर्शन करते हुए धरने पर बैठ जाएंगे। स्कूल को चलने नहीं दिया जाएगा। परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों की मदद करने का आरोप लगाया है। स्वाति का कहना है कि पुलिस आरोपियों के साथ मिलकर सच्चाई छिपा रही है। अभी तक एक भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उधर, सीओ इंदिरापुरम राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि स्कूल के अधिकारी मोबाइल बंद कर फरार हैं। उनकी तलाश में रिश्तेदारों और अन्य जानकारों के घर पर दबिश दी जा रही है। अगर परिजन स्कूल पर धरना देते हैं तो स्कूल की छुट्टी करवा दी जाएगी।
भैंस ढूंढ सकती है पुलिस तो आरोपियों को क्यों नहीं
अरमान के पिता गुलशन ने पुलिस पर निशाना साधते हुए कहा कि पुलिस नेताओं की भैंस 12 घंटे में ढूंढ निकालती है मगर बच्चे की हत्या करने वालों को कई दिन बाद भी नहीं ढूंढ पा रही। सीएम से लेकर डीएम तक शिकायत की जा चुकी है। सभी मौन हैं। ऐसे में अब उन्हें सीबीआई से ही उम्मीद है। प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री को चाहिए कि वे मामले में संज्ञान लें और मामले की सीबीआई जांच कराएं। तुरंत आरोपियों की गिरफ्तारी हो।
नेताओं-अधिकारियों ने भरोसा तोड़ा
परिजनों ने कहा कि घटना के बाद से खाद्य एवं रसद मंत्री अतुल गर्ग, केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एवं सांसद वीके सिंह की पत्नी भारती सिंह, विधायक सुनील शर्मा और मेयर अशु वर्मा उनसे मिले थे। आईजी अमिताभ ठाकुर ने फोन पर बात की थी। एसएसपी हरिनारायण सिंह व अन्य अधिकारियों ने सोमवार तक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। बावजूद इसके अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि सबने एक मां का भरोसा तोड़ा है। अब उन्हें किसी पर विश्वास नहीं है।
घर में नहीं मना रक्षाबंधन तो लोगों ने माता-पिता को बांधी राखी
बेटे के गम में अरमान के माता-पिता ने घर पर रक्षाबंधन का त्योहार नहीं मनाया। प्रेस वार्ता के दौरान जब इस बात का पता चला तो आंदोलन में परिजनों का साथ दे रहे लोगों ने दोनों को राखी बांधी। लोगों ने दोनों को साथ देने और उन्हें हर कीमत पर इंसाफ दिलाने का वादा किया।