कैब चालक की मौत हत्या का जताया शक
साहिबाबाद। खोड़ा में सोमवार को कैब चालक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि खोड़ा निवासी एक महिला और उसके परिजनों ने हत्या की है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कैब चालक ने फंदा लगाकर सुसाइड किया है। वे उसे गंभीर हालात में दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस शिकायत भी नहीं दर्ज कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, मूलरूप से जिला हापुड़ धौलाना के सपनावत में रहने वाले पुष्पेंद्र उर्फ दीपक (32) दिल्ली के नरेला में किराए पर रहते थे। वह नरेला के ही एक व्यक्ति की कैब चलाते थे। खोड़ा थाने पहुंचे पुष्पेंद्र के मौसेरे भाई रवि ने बताया कि पुष्पेंद्र की करीब 10 माह पहले ही शादी हुई थी। रविवार तड़के दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल से पुष्पेंद्र के छोटे भाई पंकज के पास एक कॉल आई। तब उन्हें पुष्पेंद्र की मौत की जानकारी हुई। रवि ने बताया कि दो दिन पहले ही पुष्पेंद्र अपने दोस्तों से 30 हजार रुपये लेकर खोड़ा में एक महिला के पास आए थे। उनका आरोप है कि महिला, उसके भाई व अन्य लोगों ने मिलकर पुष्पेंद्र की हत्या की है। उसे अस्पताल में छोड़कर भाग गए। भाई पंकज का नंबर अस्पताल में दे गए थे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने हत्या की तहरीर लेने से इंकार कर दिया है। खोड़ा एसएचओ धर्मेंद्र कुमार के अनुसार, महिला और उसके परिजनों ने बताया है कि पुष्पेंद्र ने दो शादियां की थीं। वह शनिवार को खोड़ा में दूसरी पत्नी के पास आकर पहली पत्नी से बात कर रहे थे। किसी बात पर उनका झगड़ा हो गया था। इसके बाद शनिवार रात पुष्पेंद्र ने फंदा लगा लिया। महिला के भाई ने देखा तो पुष्पेंद्र को लेकर दिल्ली के अस्पताल गए। जहां पर उसकी मौत हो गई।
मौके से मिला सुसाइड नोट, होगी जांच
एसएचओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मौके से सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें पुष्पेंद्र ने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। एसएचओ ने बताया कि सुसाइड नोट की हैंड राइटिंग की विशेषज्ञों से जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।