ट्रक से कुचलकर सुरक्षा गार्ड की मौत
बंथला नहर रोड पर शुक्रवार सुबह ट्रक की टक्कर से बाइक सवार सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। जबकि उसके साथी की हालत गंभीर बनी हुई है।
डीएलएफ भोपुरा स्थित डिफेंस कालोनी निवासी शीशपाल (50) दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में सुरक्षा गार्ड थे। वह आर्मी से रिटायर्ड थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे अपने वह साथी जय भगवान निवासी विनयपुर खेकड़ा, जिला बागपत के साथ बाइक से अपने घर जा रहे थे।
जब वह लोनी गाजियाबाद रोड पर बंथला नहर के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों घायल हो गए। घटना होते ही चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। शीशपाल की मौके पर मौत हो गई।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घायल जय भगवान को नरेंद्र मोहन अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई एसएचओ राकेश कुमार का कहना है कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।