धक्का देकर महिला से लूटी चेन
संजय नगर सेक्टर-23 में सोमवार दोपहर बाजार से सामान लेकर लौट रही महिला को धक्का देकर बाइकर्स ने चेन लूट ली। पुलिस ने शिकायत लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
संजय नगर सेक्टर-23 निवासी आरडी रावत नोएडा की निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी पावती देवी सोमवार दोपहर पास की मार्केट से सामान खरीदने गई थीं। वह दोपहर करीब दो बजे सामान लेकर लौट रहीं थीं, तभी घर के पास पीछे से बाइक पर आए बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनकी चेन लूटने की कोशिश की।
उन्होंने बदमाशों का हाथ पकड़ने का प्रयास किया तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उन्हें धक्का दे दिया और चेन झपटकर भाग गए। एसएचओ कविनगर नीरज सिंह ने बताया कि शिकायत लेकर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने पास ही लगे सीसीटीवी की जांच की तो हेलमेट लगाए दो बदमाश फुटेज में दिखाई दिए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की बाइक का नंबर निकलवाकर तलाश शुरू कर दी है।