बीबीए छात्र पर जानलेवा हमला करने वाले दो गिरफ्तार
गाजियाबाद। बीबीए छात्र गौरव त्यागी और उसके भाई कपिल त्यागी पर रॉड से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को सिहानी गेट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कपिल त्यागी की तहरीर के आधार पर पांच लोगों को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज की है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे मोरटा निवासी गौरव त्यागी और उसके भाई कपिल भट्ठा नंबर पांच पर आए थे। इसी दौरान एक लग्जरी कार में सवार 5-6 युवक ों ने उन पर रॉड से हमला कर दिया था। कपिल ने आरोपियों की कार की चाभी निकाल ली, इस पर आरोपी कार छोड़कर भाग गए थे। एसओ सिहानी गेट विनोद कुमार पांडेय का कहना है कि कपिल की तहरीर के आधार पर ललित, सुमित, आधार, दीनू और आयुष के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। दीनू संजय नगर सेक्टर-23 का और बाकी आरोपी गढ़ी के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि सुमित और आधार को गिरफ्तार कर लिया गया है, अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।