आईएमटी के नाम से भेजी जा रही थी फर्जी ईमेल, डीजीएम ने कराई एफआईआर
गाजियाबाद। आईएमटी के नाम पर फर्जी मेल भेज कर लोगों को गुमराह करने का मामला सामने आया है। इंस्टीट्यूट के डीजीएम ने दिल्ली की तिहाड़ जेल के स्टाफ क्वार्टर में रहने वाले एक व्यक्ति को नामजद कर कविनगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आईएमटी (इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी) के डीजीएम अनूप सरीन की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा गया है कि फर्जीवाड़ा कर इंस्टीट्यूट के नाम पर लोगों को ई-मेल भेजा जा रहा है। इसकी वजह से इंस्टीट्यूट की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दिल्ली की तिहाड़ जेल के स्टाफ क्वार्टर में रहने वाले कप्तान सिंह पुत्र रामनाथ सिंह पर ईमेल भेजने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि यह व्यक्ति लोगों को गुमराह कर रहा है। यह ई-मेल विद्यार्थियों और इंस्टीट्यूट के स्टाफ को भी भेजे गए हैं। बीते 18 अप्रैल को भेजे गए ई-मेल की जानकारी भी पुलिस को दी गई है। एसएचओ कविनगर राजकुमार शर्मा का कहना है कि डीजीएम अनूप सरीन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है। ई-मेल का डाटा लेकर जांच कराई जाएगी। वहीं एसएसपी उपेंद्र अग्रवाल का कहना है कि साइबर सेल से मामले की जांच कराई जाएगी।