सफाई के दौरान नाले में मिला अज्ञात शव
लोनी। बॉर्डर थाना क्षेत्र की दो नंबर सौ फुटा रोड स्थित एक नाले में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात शव मिला है। सफाई कर्मियों ने शव मिलने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
लोनी बॉर्डर थाना एसएचओ शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह दो नंबर सौ फुटा रोड पर नगर पालिका के कुछ सफाई कर्मचारी नाले की सफाई कर रहे थे। इस दौरान नाले में एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया। सफाई कर्मचारियों ने शव की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे पहले पुलिस टीम ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त का प्रयास किया। मगर, शिनाख्त नहीं हो सकी है। एसएचओ ने बताया कि शव के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। हो सकता है कि रात के दौरान व्यक्ति नाले में गिरा हो।