पुलिस चौकी केपास दिन दहाड़े दवा कारोबारी के घर 10 लाख की चोरी
गाजियाबाद। बेखौफ चोरों ने पुलिस चौकी के पास नगर कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े दवा कारोबारी के बंद मकान से 10 लाख रुपये की ज्वेलरी और नकदी चोरी कर ली। परिवार के सदस्य मंगलवार सुबह नैनीताल घूमने के लिए गए थे। शाम छह बजे पड़ोसियों ने चोरी की सूचना दी। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मनीश गर्ग पुत्र शिवकुमार गर्ग निवासी मोहल्ला जगनीगंज घंटाघर की नई बस्ती में आयुर्वेद होलसेल का कारोबार है। मनीश मंगलवार की सुबह 6 बजे अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने के लिए गए थे। घर की चाबी वह अपने छोटे भाई हेमंत गर्ग को दे गए थे। हेमंत ने सुबह करीब साढ़े नौ बजे नौकरानी से घर की सफाई कराई थी। उसके बाद वह घर पर ताला लगाकर दूसरे घर आ गए थे। हेमंत ने बताया कि शाम करीब छह बजे घर के आसपास रहने वाले बच्चे बड़े भाई के बच्चों को खेलने के लिए बुलाने गए थे। उन्होंने देखा की घर के ताले टूटे हुए हैं। सारा सामान बिखरा पड़ा है। बच्चों ने घर पर जानकारी दी। उनके परिवार के लोगों ने हेमंत को फोन करके बताया। उन्होंने घर जाकर देखा तो घर के मुख्यद्वार का ताला टूटा हुआ था। अंदर घुसे तो कमरे और अलमारियों के सभी ताले टूटे हुए थे। सारा सामान फैला हुआ था। उन्होंने बताया कि अलमारी से सोने की 11 अंगुठी, दो हाथ के कड़े, चार सोने की चेन, दो गले के सेट और करीब 50 हजार रुपये की नकदी चोर ले गए। उन्होंने बताया कि सारे सामान की कीमत करीब 10 लाख रुपये से अधिक है। 100 नंबर पर पुलिस को चोरी की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नगर कोतवाली प्रभारी जयकरण सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकलवाए जा रहे हैं, जिससे चारों की पहचान हो सके।
- चौकी से 50 मीटर की दूरी पर हुई चोरी
चोर, लुटेरों में पुलिस का जरा भी खौफ नहीं रहा है। शहर में दिन दहाड़े लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। पीड़ित ने बताया कि चोरी वाले घर से घंटाघर पुलिस चौकी की दूरी मात्र 50 मीटर भी नहीं है। इसके बाद भी चोर दिन दहाड़े घर से लाखों की ज्वेलरी और नकदी लेकर गायब हो गए।
- सीसीटीवी कैमरे खराब
चोरी वाले घर और आसपास के घरों में भी सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन घटना के समय सभी कैमरे खराब मिले। पीड़ित के भाई ने बताया कि किसी का कोई भी कैमरा काम नहीं कर रहा है।
- चोरों को पहले से हो सकती है जाने की जानकारी
पुलिस सूत्रों की मानें तो चोरों को पहले से मनीष के नैनीताल जाने की जानकारी होगी। क्योंकि परिवार घर में ऊपर की मंजिल पर रहता है। जबकि ग्राउंड फ्लोर पर दवा का गोदाम है। चोरों ने प्लानिंग के तहत घटना को अंजाम दिया हो। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।