कार सवार महिला ने किशोर को मारी टक्कर, चार जगह से टूटी हड्डी
गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार से कार चला रही महिला ने बाइक सवार चाचा व किशोर को टक्कर मार दी। किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके पैर की चार जगह से हड्डी टूट गई। चाचा और भतीजे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार को चाचा ने थाने में तहरीर देकर महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हरसांव निवासी अनुज करोतिया बीसीए की पढ़ाई कर निजी कंपनी में जॉब करते हैं। उनका भतीजा प्रशांत निजी स्कूल में आठवीं क्लास में पढ़ता है। सोमवार को अनुज भतीजे के साथ बाइक से घर का सामान लाने बाजार के लिए निकले थे। सदरपुर रोड पर पीछे आई तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक जमीन पर गिर पड़ी। कार प्रशांत के ऊपर चढ़ गई। जबकि अनुज काफी दूर जाकर गिरा। प्रशांत के पैर की चार जगह से हड्डी टूट गई। उसके सिर में भी काफी चोटें आई हैं। अनुज ने कविनगर थाने में तहरीर देकर महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कविनगर थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि दिल्ली नंबर की गाड़ी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।