लोकसभा मतगणना को लेकर रुट रहेगा डायवर्ट
गाजियाबाद। लोकसभा चुनाव 2019 की मतगणना 23 मई को अनाज मंडी गोविंदपुरम में होगी। इसके लिए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन किया है, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। एसपी ट्रैफिक एसएन सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को डासना पुल से पुलिस लाइन की तरफ किसी भी प्रकार के वाहन नहीं आ सकेंगे। उक्त समस्त वाहन आत्मा राम स्टील होकर जाएंगे। हापुड़ चुंगी से सभी प्रकार के बड़े वाहन ट्रक, बस, मिनी बस, कामर्शियल छोटे बड़े वाहन डायमंड तिराहा, आत्मा स्टील होकर जाएंगे। हापुड़ चुंगी से पुलिस लाइन की तरफ केवल छोटे यात्री वाहन गोविंदपुरम चौकी से बायें मुड़कर डीडीपीएस, अनाज मंडी के पीछे गेट से होते हुए डासना की तरफ जा सकेंगे। गोविंदपुरम की ओर से कोई भी ट्रैफिक गोविंदपुरम चौकी की तरफ नहीं आएगा। बल्कि यह ट्रैफिक एनडीआरएफ रोड से आ जा सकेंगे। सरकारी कर्मचारियों की मतगणना कर्मी, अधिकारियों के वाहन अनाज मंडी के पिछले गेट से प्रवेश कर मंडी के अंदर निर्धारित पार्किंग में वाहन पार्क कर सकेंगे। मतगणना एजेंट और प्रेस के वाहन गोविंदपुरम पुलिस चौकी के पीछे ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे।