संदिग्ध परिस्थितियों में फैक्ट्री के चौकीदार की मौत
धौलाना। यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में प्लास्टिक की बाल्टी व ड्रम बनाने वाली फैक्ट्री में चौकीदार की दिनदहाड़े संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में घटनास्थल की गहनता से जांच की।
यूपीएसआईडीसी एरिया के एफ 219 मेंडेन प्लास्टिक इंड्रस्ट्रीज नाम की कम्पनी प्लास्टिक का सामान बनाने का काम करती है। हरक बहादुर पुत्र रतन बहादुर निवासी छोटा कैला भट्टा गाजियाबाद पिछले एक साल से डेन प्लास्टिक इंड्रस्टीज एमजी रोड यूपीएसआईडीसी एफ 219 में चौकीदार का काम करता था। दोपहर दो बजे हरक बहादुर जब कंपनी के अंदर डयूटी पर था उसी दौरान उसे मृत अवस्था में पाया गया। आनन फानन में एक कर्मचारी ने कंपनी के प्रबंधक राजेश अरोड़ा को घटना की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी दी। फैक्ट्री में पिता की दिनदहाडे़ संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पर पुत्र व रिश्तेदार सकते में है। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुत्र की तहरीर पर मृत चौकीदार हरक बहादुर पुत्र रतन बहादुर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ब्यूरो