महिला से लूटी चेन, हवा में लहराकर दिखाई
साहिबाबाद। वैशाली सेक्टर दो में बाइक सवार दो बदमाशों ने बाजार जा रही एक महिला से बुधवार शाम को चेन लूट ली। वारदात के बाद बदमाश हवा में चेन लहराते हुए फरार हो गए। बाइक सवार एक युवक ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की। लेकिन वह पिस्टल दिखाकर भाग गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुधवार शाम करीब पांच बजे सेक्टर दो में पीएनबी रोड पर एक महिला सामान खरीदने बाजार जा रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की अपाचे बाइक पर दो युवक आए और महिला से चेन लूट कर भागने लगे। महिला ने शोर मचाते हुए पीछा किया तो बदमाश हवा में चेन लहराते हुए वैशाली सेक्टर दो की ओर फरार हो गए। चेन लूटने के बाद बदमाश महिला और लोगों को चेन लहराकर दिखाई। एक युवक ने साहस दिखाकर पीछा किया तो उसकी ओर पिस्टल तान दी। पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन लुटेरे पकड़ में नहीं आए। उधर, एसएचओ इंदिरापुरम सचिन मलिक ने बताया कि ऐसा कोई मामला संज्ञान में नहीं आया है। पीड़िता की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।
युवक से लूटा मोबाइल
शालीमार गार्डन क्षेत्र के सीमापुरी बार्डर के पास मंगलवार देर शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक से मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने शोर मचाते हुए काफी दूरी तक बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश मौके से फरार हो गए। साइट फोर की एक कंपनी में काम करने वाले राहुल ने बताया कि देर शाम करीब पौने नौ बजे वह साइकिल से घर लौट रहा था। इस दौरान उसके मोबाइल पर फोन आ गया। फोन पर बात करते जा रहा था। जैसे ही वह सीमा बार्डर एरिया के पास पहुंचा तो पीछे से आए युवक ने उससे फोन लूट लिया।