सालगिरह पर हुआ विवाद, पत्नी ने खाई नींद की गोलियां
गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर में रहने वाली एक महिला ने पति से विवाद होने पर नींद की गोलियां खा लीं। एक दिन पहले ही महिला की शादी की सालगिरह थी। महिला को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से मीमो पहुंचने पर पुलिस को घटना की जानकारी हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कविनगर पुलिस के मुताबिक 40 वर्षीय महिला के पति बिजनेस मैन हैं। बृहस्पतिवार को दोनों ने शादी की सालगिरह मनाई। पति-पत्नी बच्चों के साथ होटल में खाना खाने भी गए थे। रात को ही महिला ने नींद की गोलियां खा लीं। सुबह करीब 8 बजे महिला को कविनगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला का मायका खुर्जा बुलंदशहर में है। सूचना पाकर उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। एसएचओ कविनगर राजकुमार शर्मा का कहना है कि उन्होंने कोई तहरीर नहीं दी है। घटना का कारण पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। परिजनों की ओर से अगर तहरीर दी जाएगी तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।