बिना परमिशन होटल में वेकेंसी के लगाए पोस्टर, रिपोर्ट दर्ज
गाजियाबाद। नगर निगम की बिना अनुमति के होटल में नौकरी के लिए वेकेंसी के पोस्टर लगाने वाले दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
सिहानीगेट थाना के लोहियानगर में लगे डिवाइडरों पर, पोल पर दो युवक किसी होटल में वेकेंसी के पोस्टर लगा रहे थे। नगर निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो युवक वहां से भाग गए। कर्मचारियों ने युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह बाइक छोड़कर गलियों में होकर निकल गए। बाइक में रखे कागजातों को देखा गया तो उसमें धर्मेंद्र नाम के युवक का आधार कार्ड मिला। कर्मचारी आधार कार्ड पर लिखे पते के माध्यम से घर पहुंच गए। वहां पर परिवार व अन्य लोगों से जानकारी की तो बताया कि वह पोस्टर लगाने का काम करते हैं। सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अशोक कुमार ने सिहानी गेट थाने में धर्मेंद्र और आकाश मूल निवासी देवरिया के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सिहानी गेट कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।