10वीं की छात्रा अगवा, छह लोगों पर रिपोर्ट
मुरादनगर। दो दिन पूर्व स्कूल जा रही 10वीं की छात्रा का अपहरण गंगनहर के पास से कार सवारों ने कर लिया। परिजनों ने शहजादपुर गांव निवासी छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थानाक्षेत्र के गांव में एक व्यक्ति परिवार सहित रहता है। उसकी 15 वर्षीय बेटी एक इंटर कॉलेज में 10वीं कक्षा की छात्रा है। बताया गया कि सोमवार सुबह करीब सात बजे छात्रा साइकिल से स्कूल के लिए निकली थी। आरोप है कि गंगनहर पटरी पर डिडौली के पास घात लगाए बैठे कार सवार छह लोग जबरन छात्रा को उठाकर ले गए। किसी ने छात्रा के अपहरण की बात परिजनों को बताई। परिजनों ने अहपरणकर्ताओं की तलाश की। काफी कोशिश के बाद भी छात्रा का पता नहीं लगा। बुधवार को परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए शहजादपुर गांव निवासी छह लोगों पर छात्रा के अपहरण का आरोप लगाते तहरीर दी है। एसएचओ उमेश बहादुर सिंह का कहना है कि रिपोट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।