पिलखुवा। कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र के अंतर्गत सिखैड़ा बंबा पुलिया के पास मंगलवार की देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त रुप से 31 जनवरी की दोपहर एनएच-09 स्थित फ्लाईओवर के पास व्यापारी से हुई 64 लाख की लूट में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के ईनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस टीम ने बदमश के कब्जे से 75 हजार रुपये की नकदी, घटना में प्रयक्त बाइक व अवैध असलाह बरामद किया है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान व स्वाट टीम प्रभारी पारस मलिक टीम के साथ मंगलवार की देर रात गांव सिखैड़ा बंबा पुलिया से सालासर कंपनी की तरफ रजवाहे की पटरी के पास चेकिंग कर रही थी। अपनी ओर आता देख पुलिस टीम ने बाइक सवार एक युवक को रुकने का इशारा किया लेकिन युवक पुलिस को देख बाइक लेकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम के पीछा करने पर युवक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में युवक पैर में गोली लगने से बाइक लेेकर सड़क पर गिर गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर युवक को दबोच लिया। युवक की पहचान अकरम निवासी सेक्टर-11 थाना विजयनगर जिला गाजियाबाद के रुप में हुई। सीओ ने बताया कि आरोपी अकरम ने 31 जनवरी की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अपने साथियों के साथ मिलकर पिलखुवा थाना क्षेत्र के एनएच-09 स्थित फ्लाईओवर के पास व्यापारी से 64 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गया था। घटना के बाद से आरोपी अकरम लगातार फरार चल रहा था। इस पर आरोपी पर 50 हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया गया था। सीओ ने बताया कि लूट की घटना में शामिल कई आरोपियों को पुलिस पहले की गिरफ्तार जेल भेज चुकी है। घटना में शामिल फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लेगी। आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। जिसके खिलाफ जिला हापुड़, गाजियाबाद व गौतमबुद्धनगर आदि जिलों में करीब नौ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम लूट की घटना में शामिल फरार बदमाशों की तलाश कर रही है।