गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र के सराय नजर अली में सोमवार तड़के करीब तीन बजे एक जर्जर मकान की छत गिर गई। जिसमें एक दंपती दब गए। मलबे में दबने से शाहरुख की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी सुहानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मामले में परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
एसीपी कोतवाली निमिष पाटिल ने बताया कि मकान में शाहरुख अपनी मां और पत्नी सुहानी के साथ रहते थे। वह पैंठ बाजार में दुकान लगाते थे। रविवार रात शाहरुख पत्नी के साथ भूतल पर और उनकी मां पहले मंजिल पर सो रही थीं। सोमवात तड़के अचानक शाहरुख के कमरे की छत गिर गई। शोर सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। शाहरुख के चाचा अरशद ने पड़ोसियों की मदद से दोनों को मलबे से निकाला और एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने शाहरुख को मृत घोषित कर दिया जबकि सुहानी को रेफर कर दिया। मकान काफी पुराना था।