गाजियाबाद। जिले में संचालित 20 पिंक बूथों पर आने वाले पारिवारिक विवादों को सुझलाने के लिए अब परामर्शदाताओं की तैनाती होगी। इनका चयन पुलिस उपायुक्त साक्षात्कार के माध्यम से करेंगे। इसके लिए पुलिस उपायुक्त अपराध ने मोबाइल नंबर-9643322905 व मेल आईडी- adcp-crime.gzup.gov.in जारी की है। इसके अलावा आवेदक लोहियानगर स्थित महिला थाना परिसर में भी एडीसीपी क्राइम के कार्यालय में भी अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
एडीसीपी क्राइम सिच्चदानंद ने बताया कि जिले में 20 पिंक बूथ संचालित हैं। जहां पर एक महिला उपनिरीक्षक, चार महिला आरक्षी व एक पुरुष उपनिरीक्षक की तैनाती की गई है। यहां आने वाली शिकायतों का समाधान तत्काल कराया जा रहा है। पारिवारिक मामलों का समाधान भी लगातार हो रहा है, जिससे समाज को लाभ पहुंच रहा है। इसी कड़ी में अब पिंक बूथों पर मध्यस्थता के लिए एनजीओ संचालक, कार्यकर्ता, मनोवैज्ञानिक, संभ्रात नागरिकों, काउंसलर की तैनाती का निर्णय लिया गया है। इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। इसमें उन लोगों को वरीयता दी जाएगी, जो लंबे समय से समाज सेवा से जुड़े हैं और निशुल्क अपनी सेवा देने के लिए तैयार हैं। इनका चयन साक्षात्कार के माध्यम से होगा। इसमें किसी भी पुलिस अधिकारी व कर्मचारी के पारिवारिक सदस्य, सेवारत अधिकारी व कर्मचारी अथवा अधिवक्ता का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।