कोरोना वायरस की जांच मेरठ मेडिकल कालेज में होगी - प्रदेश के सात मेडिकल कालेजों में सैंपल जांच की सुविधा - हाई रिस्क श्रेणी के सैंपल भेजना किया गया अनिवार्य माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रदेश के सभी जिलों द्वारा हाई रिस्क जनसंख्या को चिन्हित कर उनके सैंपल मेडिकल कालेज स्थित कोविड-19 प्रयोगशालाओं को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य वी. हेकाली झिमोमी ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को पत्र भेजकर कहा है कि कोविड-19 पीड़ित रोगियों और हाई रिस्क जनसंख्या को चिन्हित कर समय से जांच एवं उपचार करने से इस वायरस के प्रसार को रोका जा सकता है। सीएमओ डॉ एनके गुप्ता ने बताया की शासनादेश के मुताबिक जांच कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया की सचिव (चिकित्सा स्वास्थ्य) के पत्र के मुताबिक सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, बागपत, अमरोहा और बिजनौर जिले के सैंपल एलएलआरएम मेडिकल कालेज मेरठ को भेजने को कहा गया है। मेडिकल कालेज मेरठ के अलावा जेएन मेडिकल कालेज एएमयू अलीगढ़, किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय लखनऊ, एसजी पीजीआई लखनऊ, आईएमएस बीएचयू वाराणसी, आईसीएमआर, आरएमआरसी गोरखपुर, बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर और यूपीआरआईएमएस सैफई इटावा में जांच की व्यवस्था की गई है। इन मेडिकल कालेजों में सैंपल कलेक्शन समय 24 घंटे तय किया गया है। प्रतिदिन हर एक जिले में कम से कम चार सैंपल (अधिकतम सैम्पल संख्या आवश्यकतानुसार) नियमानुसार ट्रिपल लेयर पैकिंग में सम्बंधित प्रयोगशाला भेजना है। इसके साथ ही इसकी सूचना स्वास्थ्य भवन लखनऊ हर रोज शाम छह बजे तक भेजनी होगी। -----------------