बुलंदशहर। जनपद में प्रवासी कामगारों के आने के बाद से अब कोरोना संक्रमण के मामलों में इज़ाफ़ा होने लगा है। सोमवार देर रात आई सैंपलों की रिपोर्ट में 12 प्रवासी कामगारों समेत 14 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जनपद में कोरोना संक्रमण के कुल 95 मामले हो गए हैं। जनपद में आए महाराष्ट्र से छह, गुजरात से पाँच और दिल्ली से आए एक प्रवासी कामगार में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा ख़ुर्जा में पूर्व संक्रमित पाए एक मरीज के सम्पर्क में आए दो अन्य व्यक्तियों में भी कोरोना का संक्रमण पाया गया है। जिन व्यक्तियों में संक्रमण का मामला पाया गया है उन्हें पहले से ही ज़िला प्रशासन ने विभिन्न स्थानों पर क्वारंटीन किया हुआ था। वहीं दूसरी ओर राहत की बात यह है की जनपद में एक और शिकारपुर निवासी मरीज ठीक हो गया है। इसके साथ ही अब कुल कोरोना संक्रमण के 95 मामले हो गए हैं। जिनमे से अब तक 59 लोग ठीक हो चुके हैं। इसके आलवा ज़िले में कुल सक्रिय केस 35 हो गए है। जबकि एक चिकित्सक की पूर्व में मौत हो चुकी है। जनपद में मिले 14 नए मरीज़ों और एक ठीक हुए एक मरीज़ की पुष्टि नोडल अधिकारी/ एसीएमओ रोहताश यादव ने की है।